चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ़्लाइट में हड़कंप! पावर बैंक फटने से लगी आग, इमरजेंसी एग्ज़िट से कूदे यात्री

‘राष्ट्रीय जजमेंट 

हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुँची इंडिगो की उड़ान संख्या 6E108 में लैंडिंग के तुरंत बाद एक बड़ा हादसा टल गया। विमान के अंदर एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई, जिसके बाद केबिन में धुआँ भर जाने से यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को ‘इमरजेंसी स्लाइडर’ के ज़रिए बाहर निकाला गया। विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब विमान चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर उतरने के बाद खड़ा था। विमान की आखिरी सीट पर बैठे एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक से अचानक धुआँ निकलने लगा।
विमानन कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा, ‘‘पांच मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई108 जब हवाई अड्डे पर खड़ी थी, तब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की घटना सामने आई।’’ बयान के अनुसार, ‘‘सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत निकासी कराई गई और संबंधित सभी अधिकारियों को फौरन सूचित किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है और टीम उनकी देखभाल कर रही है।’’सूत्र ने बताया कि विमान के उतरने के तुरंत बाद केबिन में सामान रखने वाली जगह से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। सूत्र के अनुसार, यह धुआं पावर बैंक में आग लगने के कारण निकला था और इस घटना में किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस उड़ान में सवार एक यात्री ने मीडिया को बताया कि जैसे ही विमान हवाई अड्डे पर उतरा, आग लगने की यह घटना घटी। यात्री ने बताया कि यात्रियों की निकासी के दौरान उसी उड़ान में सवार उसकी पत्नी का टखना मुड़ गया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और अन्य यात्रियों को ‘स्लाइडर’ (फिसलन वाले आपातकालीन रास्ते) के जरिये बाहर निकाला जा रहा था।उन्होंने बताया कि विमान की आखिरी सीट पर बैठे एक व्यक्ति के पावर बैंक से धुआं निकलना शुरू हुआ और विमान परिचारिका ने आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया, लेकिन विमान के अंदर काफी धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यात्री के अनुसार, विमान परिचारिका ने लोगों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन फिर भी अफरातफरी का माहौल नजर आया।इसके बाद आपातकालीन दरवाजे खोले गए और निकासी कराई गई। उन्होंने बताया कि यात्रियों को नीचे उतारने के लिए ‘स्लाइडर’ लगाए गए थे और विमान में बच्चे एवं बुजुर्ग भी मौजूद थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी को जीरकपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कई फ्रैक्चर हुए हैं और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More