दिल्ली, यूपी, राजस्थान में अगले 48 घंटे भारी, तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की आशंका

राष्ट्रीय जजमेंट

देशभर में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा और पंजाब समेत कई इलाकों में रविवार सुबह से ही बादल छाए रहे और झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आज और कल (4 मई) के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। दोपहर में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या और कानपुर समेत 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं ओले गिरने और बिजली कड़कने की भी आशंका जताई गई है।उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज काफी सख्त बना हुआ है। देहरादून में सुबह तेज बारिश की वजह से अंधेरा छा गया, जबकि उत्तरकाशी के गंगोत्री हाईवे पर पानी का बहाव बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। हिमाचल के 10 जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है।मध्य प्रदेश के भोपाल और ग्वालियर समेत 27 जिलों में 6 मई तक बारिश और आंधी का अनुमान है। राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में शनिवार को आए तेज तूफान से काफी नुकसान हुआ, जहां सैकड़ों पेड़ गिर गए। रविवार सुबह भी राज्य के 11 जिलों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई।एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत में बारिश हो रही है, वहीं महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अब भी सूरज की तपिश बरकरार है। महाराष्ट्र का वर्धा जिला सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी मौसमी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More