खूनी मांझे ने ली 5 वर्षीय मासूम की जान, बाइक पर मां के साथ जाते समय हुआ हादसा

नई दिल्ली: दिल्ली में प्रतिबंधित चायनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में रविवार को पतंग के मांझे की चपेट में आने से एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था, तभी आसमान से गिरते हुए एक मांझे ने उसका गला रेत दिया। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, न्यू उस्मानपुर थाने को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली थी कि मांझे से घायल एक बच्चे को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जांच में पता चला कि 3 मई को बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर न्यू उस्मानपुर स्थित सीएनजी पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक मांझा ऊपर से गिरा और सीधे बच्चे के गले में जा फंसा। इससे पहले कि मोटरसाइकिल रुक पाती, मांझे ने बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल बच्चे को लहूलुहान हालत में तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, चोट इतनी गहरी थी कि इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।

न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 223 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पतंग कहां से उड़ाई जा रही थी और किस प्रकार के मांझे का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चायनीज या सिंथेटिक मांझे का उपयोग न करें, क्योंकि यह निर्दोष लोगों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More