गोकलपुरी में घर में आग लगने से 4 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, 5 साल का भाई गंभीर रूप से झुलसा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ एक कमरे में अचानक आग लगने से चार साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे घर में अकेले थे। इस घटना में मृतक का पांच वर्षीय बड़ा भाई भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना गोकलपुरी स्थित कर्दम धर्मशाला के पास की है। दोपहर करीब 3:15 बजे पुलिस को आग लगने की सूचना मिली। जांच में पता चला कि दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में दो बच्चे, जिनकी उम्र 5 और 4 वर्ष है, मौजूद थे। बच्चों के माता-पिता काम पर गए हुए थे और दोनों मासूम घर में अकेले थे। इसी दौरान कमरे से अचानक धुआं निकलने लगा।

धुआं उठता देख बच्चों की दादी तुरंत भागकर दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए, दोनों बच्चे आग और धुएं की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुके थे। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 4 वर्षीय छोटे बच्चे को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। वहीं, 5 वर्षीय बड़े बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही गोकलपुरी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट या कमरे में रखी किसी ज्वलनशील वस्तु को माना जा रहा है।

पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। एक छोटे से हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं और इलाके में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि हादसे की सटीक कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More