घर में पढ़ाने वाली ट्यूटर ने हाथ साफ कर उड़ाए लाखों के गहने, पुलिस ने दबोचा, सोने और हीरे के जेवर बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के थाना पश्चिम विहार ईस्ट की पुलिस टीम ने भरोसे को तार-तार करने वाली चोरी की एक वारदात को चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक महिला होम ट्यूटर को गिरफ्तार किया है, जिसने पढ़ाने के बहाने घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने और हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से छह सोने की चेन, हीरे का सेट, सोने का मंगलसूत्र, हीरे की अंगूठियां और चूड़ियां सहित चोरी का सारा सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 1 मई को पश्चिम विहार स्थित एक घर से भारी मात्रा में सोने के आभूषण, पर्स, परफ्यूम और कपड़ों का पार्सल चोरी होने के संबंध में एक ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कुलदीप और महिला कांस्टेबल प्रियंका शामिल थीं। यह पूरी कार्रवाई एसीपी राजबीर लांबा के करीबी पर्यवेक्षण में की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज की जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला की पहचान हुई। जब पुलिस ने घर के सदस्यों से पूछताछ की, तो पता चला कि वह महिला वहां होम ट्यूटर के रूप में काम करती थी और उसे पश्चिम पुरी स्थित ‘कृष्णा ट्यूटर्स’ के माध्यम से काम पर रखा गया था। पुलिस ने तुरंत ट्यूशन सेंटर से उसका विवरण प्राप्त किया, जिससे पता चला कि वह पश्चिम पुरी इलाके में ही रहती है।

बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने पश्चिम पुरी स्थित उसके ठिकाने पर छापेमारी की और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह घर में छठी कक्षा के एक छात्र को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। एक दिन उसने देखा कि घर की एक अलमारी खुली है, जिसे देखकर उसकी नीयत डोल गई और लालच में आकर उसने अलमारी में रखे जेवर और अन्य सामान चोरी कर लिए।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। बरामद सामान में छह सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, बच्चों की सोने की चूड़ियां, एक नेकलेस सेट, दो हीरे और सोने की चूड़ियां, छह हीरे की अंगूठियां, पांच जोड़ी हीरे के झुमके और चार चांदी की चूड़ियां शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल तो नहीं थी। इस त्वरित कार्रवाई के लिए पीड़ित परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More