मिठाई की दुकान में सेंध लगाने वाला कर्मचारी एमपी से गिरफ्तार, चोरी के 3.25 लाख बरामद

नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के थाना हौज काजी की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने ही मालिक के साथ विश्वासघात कर दुकान से लाखों रुपये चोरी करने वाले नौकर को महज 36 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय शर्मा (47), निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से और उसके बैंक खाते से कुल 3.25 लाख रुपये ट्रेस करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर तक पीछा किया और उसे वहां से धर दबोचा।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को हौज काजी थाने में चोरी की एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता, जो चावड़ी बाजार में ‘श्याम स्वीट्स’ नामक दुकान चलाते हैं, ने बताया कि 28 अप्रैल की रात करीब नौ बजे वह दुकान की जिम्मेदारी अपने मैनेजर और हेल्पर संजय को सौंपकर घर चले गए थे। रात के समय हेल्पर संजय ने बेईमानी से दुकान की चाबियां लीं, गल्ला खोला और उसमें रखे 3,85,000 रुपये लेकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी हौज काजी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई पंकज, हेड कांस्टेबल मनोज और रवि शामिल थे। पुलिस के पास लीड के तौर पर केवल आरोपी का मोबाइल नंबर था। तकनीकी निगरानी के जरिए पता चला कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है और वह मुरैना व ग्वालियर के बीच कहीं छिपा है। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुई और लगातार पीछा करने के बाद आरोपी संजय शर्मा को ग्वालियर से दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पिछले 12-13 वर्षों से दिल्ली की विभिन्न मिठाई की दुकानों पर काम करता रहा है। उसने हाल ही में इस दुकान पर हेल्पर के रूप में काम शुरू किया था और दुकान की व्यवस्था समझने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वह पहले दीपावली के समय भी कुछ दिनों के लिए इसी दुकान पर काम कर चुका था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,28,380 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, जांच में पता चला कि उसने चोरी की रकम में से लगभग 1,97,000 रुपये अपने बैंक खाते में जमा करा दिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त बैंक खाते को फ्रीज करा दिया है। इस प्रकार पुलिस ने चोरी हुई रकम में से कुल 3.25 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है ताकि शेष रकम का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More