ब्लैकमेलिंग के चलते महिला की ईंट से वार कर की थी हत्या, फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी किया गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने बल्लभगढ़ की आदर्श सब्जी मंडी में एक 45 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीरू (36) निवासी खेड़ी मुरार, रेवाड़ी (हाल निवासी मुजेसर, फरीदाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मुजेसर के लखानी चौक इलाके से तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 22 अप्रैल को बल्लभगढ़ सब्जी मंडी में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आंतरिक चोटों के कारण मृत्यु की पुष्टि होने पर थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या का मामला दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच की सघन जांच के बाद मृतका की पहचान फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो के रूप में हुई, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और पिछले 25 सालों से फरीदाबाद में रह रही थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बीरू और मृतका के बीच पिछले कई वर्षों से अवैध संबंध थे। आरोपी की पत्नी चार साल पहले उसे छोड़ चुकी थी, जिसके बाद वह फिरोजा के संपर्क में था। फिरोजा अक्सर आरोपी से पैसों की मांग करती थी और पैसे न देने पर उसे पुलिस में फंसाने की धमकी देती थी। 21 अप्रैल की रात बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर दोनों ने साथ में शराब पी। नशे की हालत में उनके बीच शारीरिक संबंधों को लेकर झगड़ा हो गया। जब फिरोजा ने फिर से उसे पुलिस की धमकी दी, तो बीरू ने डर और गुस्से में आकर पास पड़ी ईंट से फिरोजा के सिर, छाती और पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी बीरू पिछले 35 सालों से फरीदाबाद में रह रहा है और सेक्टर-24 की एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बीरू एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह महज दो महीने पहले ही एनडीपीएस के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में प्रयुक्त अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More