दिल्ली में यमुना नदी पर अगले महीने से शुरू होगी ये शानदार क्रूज़ सर्विस जानिए कब और कैसे कर सकेंगे सफर

राष्ट्रीय जजमेंट

दिल्ली सरकार अपने नदी पुनरुद्धार और पर्यटन विकास कार्यक्रम के तहत अगले महीने यमुना नदी में क्रूज सेवा की शुरुआत कर सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुंबई में निर्मित और जनवरी में दिल्ली लाए गए 40 सीट वाले इस क्रूज जहाज में व्यापक तरीके से आंतरिक सज्जा का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि क्रूज जहाज अब पूरी तरह से सुसज्जित और उपकरणों से लैस है और परिचालन के लिए तैयार है। सूत्र ने बताया कि इस सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि क्रूज में यात्रियों के लिए संगीत, मनोरंजन और भोजन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। सूत्र ने बताया कि सरकार 15 दिनों के भीतर इस सेवा की शुरुआत करने की तारीख घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि यह क्रूज यमुना नदी पर चलेगा और शहर के भीतर एक अनूठा मनोरंजक अनुभव प्रदान करने के लिए डिज़ाइन की गई एक घंटे की ‘राउंड ट्रिप’ की व्यवस्था रहेगी। यह परियोजना यमुना नदी को मनोरंजन और छुट्टियां मनाने के केंद्र में तब्दील करने के उद्देश्य से बनाई गई एक व्यापक नदी तट विकास योजना का हिस्सा है।सूत्र ने बताया कि सरकार क्रूज टर्मिनल पर जल क्रीड़ा और अन्य मनोरंजक गतिविधियों को शुरू करने की भी योजना बना रही है, जिससे नदी के किनारे को छुट्टियां मनाने के व्यापक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिल्लीवासियों को शहर के भीतर ही गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के समान अनुभव प्रदान करना है। सूत्र ने बताया कि इसका उद्देश्य किफायती कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करना है ताकि यह जनता के एक बड़े वर्ग के लिए सुलभ हो सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More