लूटपाट करने वाले दो आदतन अपराधी दबोचे गए, हथियार और लूटी गई राशि बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस ने लूट और चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीन मोहम्मद (22) और शिवा (24) के रूप में हुई है, जो आजादपुर के टीपीटी सेंटर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई राशि में से 2,000 रुपये नकद, एक कैरी बैग, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक डैगर बरामद किया है। आरोपी पहले से ही लूट और आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में लिप्त रहे हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 13 अप्रैल को जहांगीरपुरी निवासी फल विक्रेता शाकिर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह आजादपुर मंडी जा रहा था, तब आदर्श नगर मेट्रो पिलर नंबर 85 के पास दो युवकों ने उसका गला दबाया और 14,000 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने धारदार हथियार से उसकी जांघ पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया था। इस घटना के बाद आदर्श नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी जहांगीर पुरी योगेंद्र खोखर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। निरंतर निगरानी और तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आसान पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी दीन मोहम्मद पहले भी 5 मामलों में और शिवा 1 मामले में संलिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस टीम बाकी लूटी गई रकम की बरामदगी और उनके अन्य आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में लूट की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More