चिराग पासवान का बड़ा दावा, बोले-पश्चिम बंगाल में ममता के तानाशाही शासन का होगा अंत

राष्ट्रीय जजमेंट

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘बड़ी जीत’’ का दावा करते हुए मंगलवार को कहा कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के ‘‘हिंसक, भ्रष्ट और तानाशाही’’ शासन से ऊब चुकी है। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष पासवान ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी के तानाशाही, हिंसक और भ्रष्ट शासन से मुक्ति पाने के लिए मतदान करेगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के व्यापक चुनाव प्रचार ने लोगों में विश्वास पैदा किया है।’’ उनका यह बयान पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के मतदान से एक दिन पहले आया है। उन्होंने दावा किया, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि चार मई को जिन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने वाले हैं, उन सभी में राजग बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है। आप मेरी बात नोट कर लीजिए। मैं कोई अनुमान नहीं लगा रहा हूं।’’ पासवान ने यह टिप्पणी असम, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु के चुनावों के संदर्भ में की। हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पासवान से दिल्ली की एक हालिया घटना के बारे में भी पूछा गया, जिसमें बिहार निवासी एक व्यक्ति की कथित तौर पर एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली जैसे भाजपा शासित क्षेत्रों में बिहार के लोगों के खिलाफ ‘‘घृणा आधारित अपराध’’ हो रहे हैं। इस पर पासवान ने कहा, ‘‘सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी के रूप में हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि किसी के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो और प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र का अक्षरशः पालन हो।’’उन्होंने यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ऐसे नेता ही बिहार की छवि खराब करते हैं। दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान वह सिर्फ यह साबित करने के लिए बिहार की बुराई करते हैं कि भाजपा ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। ऐसे लोगों को शिकायत करने का कोई अधिकार नहीं है।’’ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) में घटक राजद के नेता ने केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अपने सहयोगी दलों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More