मामूली विवाद में लकड़ी के डंडे से वार कर मजदूर की कि हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले की मालवीय नगर थाना पुलिस ने बेगमपुर इलाके में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। मृतक की पहचान शत्रुघ्न के रूप में हुई है, जिसकी हत्या लकड़ी के डंडे से गला घोंटकर या वार करके की गई थी। आरोपी की पहचान बिहार निवासी राकेश कुमार उर्फ कैली के रूप में हुई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 28 अप्रैल की तड़के मालवीय नगर पुलिस को बेगमपुर के गत्ता गोदाम के पास हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद रंजीत यादव ने बताया कि 27 अप्रैल की रात काम और खाने के बाद मजदूरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामले को शांत करा दिया गया था और सभी मजदूर सोने चले गए थे।

रात करीब 1:00 बजे अचानक शोर सुनकर रंजीत की नींद खुली तो उसने देखा कि राकेश कुमार उर्फ कैली, शत्रुघ्न के गले पर लकड़ी के डंडे से हमला कर रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल शत्रुघ्न को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। हालांकि उस समय बात खत्म हो गई थी, लेकिन आरोपी ने सोते हुए शत्रुघ्न पर हमला कर उसकी जान ले ली। आरोपी राकेश कुमार (25) मूल रूप से नालंदा, बिहार का रहने वाला है और पिछले 6-7 वर्षों से दिल्ली में कबाड़ बीनने का काम करता था।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More