मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव का जताया अनुमान, जानिए बाकी जगह कैसा रहेगा हाल?

नई दिल्ली। इस साल अप्रैल खत्म होने से पहले ही उत्तर भारत में गर्मी ने सितम ढा रखा है। मौसम विभाग ने अब बताया है कि अगले तीन दिन तक उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में हीटवेव चलने वाली है। इसके बाद हीटवेव में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में ठीक उलट मौसम रहेगा। इन सभी जगह तूफान, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं। कई और पूर्वी राज्यों में भी ऐसा ही मौसम दिखने वाला है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 से 29 अप्रैल तक मध्य भारत में, 28 अप्रैल से 1 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत में और 28 से 30 अप्रैल तक दक्षिण भारत में कई जगह आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, यूपी, हरियाणा और राजस्थान के तमाम इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इन राज्यों में कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया है। सूरज चढ़ने के साथ ही हीटवेव के कारण लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में रहने वालों को बढ़ती गर्मी से सचेत किया है। अगर आप दिन के वक्त बाहर निकल रहे हैं, तो डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी जरूर पीते रहें। साथ ही छतरी, अंगोछे या तौलिए से सिर को ढककर रखें। पूरी बांह की शर्ट पहनने से हीटवेव और हीटस्ट्रोक से बचाव होता है। इसके अलावा आम का पना और कच्चा प्याज भी खाएं। इससे लू नहीं लगती। मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि इस साल भीषण गर्मी पड़ेगी। इसकी वजह अल-नीनो का प्रभाव है। अल-नीनो प्रभाव के कारण इस साल मॉनसून की बारिश भी औसत से कम होने के आसार हैं। अल-नीनो में जमीन से ज्यादा समुद्र की सतह का तापमान हो जाता है। इससे पहले 2024 और 2025 में ला-नीना प्रभाव के कारण गर्मी भी कम पड़ रही थी और बारिश भी औसत से ज्यादा हो रही थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More