शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 87.60 लाख की साइबर ठगी: फरीदाबाद पुलिस ने 6 जालसाजों को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 87.60 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेन से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में हरजिन्द्र सिंह (होशियारपुर, पंजाब), अभय सागर (जगतपुरी, दिल्ली), प्रोत्खो जस्टीन (सेनापति, मणिपुर), फुरकन ईलियास, शोहेब और पुनित कुमार (तीनों यमुनानगर, हरियाणा के निवासी) शामिल हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस ठगी का शिकार सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति हुआ था, जिसने अक्टूबर 2025 में यूट्यूब पर शेयर मार्केट में निवेश का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसे ‘A1-FSL’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहाँ उसे 2000 प्रतिशत मुनाफे, अपर सर्किट शेयरों और ‘फायर्स सिक्योरिटीज लिमिटेड’ के जरिए भारी डिस्काउंट पर आईपीओ अलॉटमेंट का लालच दिया गया। ठगों की बातों में आकर पीड़ित ने 87.60 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिला।

जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने ठगी की राशि के वित्तीय ट्रेल का पीछा किया, जिससे तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेन का पता चला। पहली चेन में आरोपी अभय सागर का खाता इस्तेमाल हुआ, जिसे हरजिन्द्र सिंह ने एक अन्य व्यक्ति ‘अमित’ से लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। दूसरी चेन में प्रोत्खो जस्टीन का खाता था, जिसमें ठगी के 5.50 लाख रुपये आए थे। वहीं तीसरी चेन में आरोपी शोहेब का खाता था, जिसे फुरकन और पुनित कुमार ने खुलवाकर साइबर अपराधियों तक पहुँचाया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरजिन्द्र सिंह, अभय सागर और प्रोत्खो जस्टीन को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली की जेल से लाकर गिरफ्तार किया है। इन तीनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले की तीसरी चेन में गिरफ्तार शोहेब, फुरकन और पुनित कुमार को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके। पुलिस की इस सफलता से साइबर अपराधियों के म्युल अकाउंट नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आगे की छानबीन जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More