वाहन चोरी के ‘स्पेशलिस्ट’ को एएटीएस टीम ने दबोचा, 4 चोरी की गाड़ियां बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की हैं। पकड़े गए शातिर चोर की पहचान 27 वर्षीय रोहित उर्फ गौरव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है। इस गिरफ्तारी से विकासपुरी, उत्तम नगर, जनकपुरी और रणहौला थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के चार बड़े मामलों का खुलासा हुआ है।

पश्चिमी जिला के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एएटीएस टीम ने विशेष अभियान चलाया हुआ है। 23 अप्रैल को इंस्पेक्टर मुकेश मीना के नेतृत्व में एएटीएस की टीम रघुबीर नगर इलाके में गश्त कर रही थी। तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल पर केशोपुर मंडी से रघुबीर नगर की ओर आ रहा है।

टीम ने तुरंत एनई ब्लॉक, रघुबीर नगर के पास घेराबंदी की। रात करीब 8 बजे जब आरोपी वहां पहुंचा, तो उसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे धर दबोचा। जांच में बरामद मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद हुई गहन पूछताछ में आरोपी ने अन्य वाहनों की चोरी की बात भी स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 4 दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें एक यामाहा R-15, एक होंडा एक्टिवा, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक टीवीएस स्पोर्ट शामिल हैं।

रोहित उर्फ गौरव का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। पूछताछ में उसने बताया कि बुरी संगत और ड्रग्स की लत के कारण वह वाहन चोरी के धंधे में उतर गया। वह पहले भी चोरी के 5 आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब इस बात की जांच कर रही है कि वह चोरी किए गए वाहनों को कहां और किसे बेचता था।

डीसीपी ने बताया कि यह ऑपरेशन एसीपी (ऑपरेशंस) विजय सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्ण संपन्न हुआ। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज कई चोरी के केस सुलझा लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ताकि उसके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More