महेंद्र पार्क में किशोर की चाकू गोदकर हत्या, चार नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय मृतक का भाई बीच-बचाव करने पहुंचा, तो हमलावरों ने उस पर भी जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को पकड़ लिया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।

महेंद्र पार्क थाना पुलिस के अनुसार, घटना 20 अप्रैल की रात करीब 8:45 बजे की है। मृतक के भाई रोहित राज उर्फ राजू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 17 वर्षीय भाई दक्ष अपने दोस्त गुलशन के साथ सी-ब्लॉक मार्केट गया था। थोड़ी देर बाद गुलशन ने उसे फोन पर सूचना दी कि जे-ब्लॉक मार्केट के पास दक्ष का कुछ लड़कों से झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही रोहित बदहवास हालत में आई-ब्लॉक स्थित मकान के पास पहुंचा, तो देखा कि दो लोग उसके भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रहे थे।

रोहित ने बताया कि उसने अपने भाई को बचाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे भी चाकू मारकर मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और शोर मचाने पर आरोपी चाकू लहराते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दक्ष को आनन-फानन में बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईपीसी की धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर चार किशोरों को चिन्हित किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। ये सभी जहांगीरपुरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि मामूली कहासुनी ने इतने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है और मामले की आगामी कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More