सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के द्वारका स्थित एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर एक महिला को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने 21 अप्रैल को जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कार्यालय की तलाशी में 48.87 लाख रुपये की भारी नकदी भी बरामद हुई है।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 21 अप्रैल को शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी हेड कांस्टेबल और उसके साथी उसे किसी मामले में झूठा फंसाने की धमकी दे रहे थे, जिससे बचने के लिए उन्होंने 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के दौरान आरोपी ने पहली किश्त के तौर पर 5 लाख रुपये देने का दबाव बनाया था। इस शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम ने ट्रैप लगाया और आरोपी को दो लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उसके कार्यालय परिसर में गहन तलाशी ली। इस दौरान जांच टीम को वहां से 48.87 लाख रुपये की नकदी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। बरामद हुई यह भारी-भरकम राशि पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के गहरे नेटवर्क की ओर इशारा करती है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग में अन्य कौन-कौन से अज्ञात लोग शामिल हैं और बरामद नकदी का स्रोत क्या है।

सीबीआई के ने बताया कि गिरफ्तार हेड कांस्टेबल से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान की जा सके। इस कार्रवाई से दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया जा सकता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More