रेलवे कॉलोनी में लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चाकू और लूटा हुआ सामान बरामद, पुलिस ने दो को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की डीबीजी रोड थाना पुलिस ने सशस्त्र लूटपाट की एक गंभीर वारदात को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रोहित उर्फ नोनू (20) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और पीड़ित से लूटी गई नकदी व दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। इस गिरोह के खिलाफ संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 17 अप्रैल को किशनगंज की रेलवे लोको कॉलोनी के पास तीन लोगों ने एक राहगीर को गला दबाकर और चाकू दिखाकर लूट लिया था। बदमाशों ने पीड़ित का मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर डीबीजी रोड थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (पहाड़गंज) सौरव ए. नरेंद्र के पर्यवेक्षण और एसएचओ डीबीजी रोड इंस्पेक्टर रणधीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई सुमित सिंह (प्रभारी, सिधीपुरा), एसआई ललित मोहन पवार, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल रामकरण, हेड कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल शेखर, सौरभ व प्रताप शामिल थे। टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर रेलवे कॉलोनी के पास छापेमारी कर मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में शामिल नाबालिग साथी को भी दबोच लिया गया।

पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी रोहित एक गिरोह चलाता था और नाबालिगों व अन्य साथियों को लूटपाट के लिए शामिल करता था। गिरोह का तीसरा साथी राजीव फिलहाल फरार है। आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत को पूरा करने और आसान पैसे के लिए सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाते थे। उनके संगठित अपराध में संलिप्त होने के कारण पुलिस ने एफआईआर में बीएनएस की धारा 95 और 112 भी जोड़ दी है।

पकड़े गए मुख्य आरोपी रोहित का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चोरी व लूट के तीन मामलों में नामजद रह चुका है। पुलिस ने आरोपी रोहित के पास से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू, लूटे गए 200 रुपये और पीड़ित का विजिटिंग कार्ड बरामद किया है। वहीं नाबालिग के पास से 250 रुपये और पीड़ित का तथा विजिटिंग कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय इस संगठित लुटेरे गिरोह की कमर टूट गई है। फिलहाल पुलिस फरार तीसरे आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More