बुलंदशहर का इनामी बदमाश दिल्ली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दिल्ली-यूपी में दर्ज हैं 28 मामले

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की एसटीएफ टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ₹15,000 के इनामी अपराधी को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रिजवान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का वांछित अपराधी है और उस पर दिल्ली व यूपी मिलाकर कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अमर कॉलोनी के आस्था कुंज पार्क के पास से दबोचा है।

साउथ ईस्ट दिल्ली एसटीएफ की टीम को 20 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि बुलंदशहर पुलिस द्वारा घोषित ₹15,000 का इनामी अपराधी रिजवान, आस्था कुंज पार्क, अमर कॉलोनी इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जाल बिछा दिया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सफलतापूर्वक आरोपी रिजवान को काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओल्ड मुस्तफाबाद निवासी 40 वर्षीय रिजवान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि रिजवान बुलंदशहर के थाना कोतवाली नगर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। न्यायिक प्रक्रिया से बचने के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस ने 17 फरवरी को उस पर ₹15,000 का इनाम घोषित किया था।

आरोपी रिजवान एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ दिल्ली में 24 और उत्तर प्रदेश में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ज्यादातर मामले झपटमारी और चोरी जैसे संपत्ति अपराधों से संबंधित हैं, हालांकि वह कुछ गंभीर अपराधों में भी शामिल रहा है। पूछताछ के दौरान उसने पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चोरी की 10 से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क को खंगाल रही है और उसके पास से चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More