प्रीत विहार में पार्किंग विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके प्रीत विहार में पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने रविवार तड़के खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान गौरव शर्मा नामक व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 34 वर्षीय पंकज नय्यर की छाती में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस को इस वारदात की सूचना तड़के 2:22 और 2:26 बजे दो पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही प्रीत विहार थाना पुलिस की टीम घटनास्थल ए-144, प्रीत विहार पर पहुंची। जांच में सामने आया है कि पार्किंग को लेकर पंकज नय्यर और उनके भाई पारस (43 वर्ष) का गौरव शर्मा के साथ झगड़ा हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने आपा खो दिया और उस पर फायरिंग कर दी। पंकज को गोली लगते ही वहां हड़कंप मच गया और आरोपी मौके का फायदा उठाकर अपने साथियों समेत फरार होने में कामयाब रहा।

मृतक पंकज नय्यर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

इस मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में इस तरह की वारदात से स्थानीय लोग भी सकते में हैं। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में गश्त बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More