मंदिर मार्ग में बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के संवेदनशील इलाके मंदिर मार्ग में रविवार शाम एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई। अंधे विद्यालय के पास स्थित एक घर में 63 वर्षीय सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माधो राम के रूप में हुई है, जो भारतीय रिजर्व बैंक से एमटीएस के पद से सेवानिवृत्त थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

घटना की जानकारी रविवार शाम करीब 5:36 बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली। कॉलर ने बताया कि अंधे विद्यालय के पास उसके चाचा को किसी ने चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही थाना मंदिर मार्ग के एसएचओ और स्थानीय पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में माधो राम का शव लहूलुहान अवस्था में मिला। उनके शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान थे। पुलिस ने तुरंत उन्हें लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार इस घटना से पूरी तरह सदमे में है और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि घर के भीतर ही इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की असल वजह क्या है। क्या यह रंजिश का मामला है या लूटपाट के इरादे से आए अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हत्यारों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

इस जघन्य हत्याकांड ने स्थानीय निवासियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More