सीआर पार्क में पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र की निर्मम हत्या, तीसरा घायल, हमलावर पुलिस हिरासत में

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में स्थित तारा अपार्टमेंट में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बीती रात पुरानी रंजिश के चलते हुई इस खूनी वारदात में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी असद को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे साकेत स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से सीआर पार्क थाने को सूचना मिली थी कि अलकनंदा के तारा अपार्टमेंट से तीन लोगों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता राकेश सूद (62 वर्ष) और उनके बेटे करण सूद (27 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिवार का एक अन्य सदस्य राहुल गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड लंबे समय से चल रही आपसी रंजिश और पुराने विवादों का परिणाम है। वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर की पहचान तारा अपार्टमेंट निवासी असद के रूप में हुई है, जिसने पीड़ितों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे घटना के पीछे की विस्तृत वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है।

सीआर पार्क थाने में संबंधित धाराओं के तहत हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों को खंगाल रही है ताकि मामले की कड़ियों को पूरी तरह से जोड़ा जा सके। डीसीपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More