आजादपुर फ्लाईओवर पर चलती वैगन-आर बनी आग का गोला, पुलिस जवानों ने सुरक्षित निकाला परिवार

नई दिल्ली: दिल्ली के आजादपुर फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सवारी लेकर जा रही एक ओला टैक्सी अचानक आग का गोला बन गई। कार में एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ सवार थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद और सूचना पाकर पहुंचे आदर्श नगर थाने के जांबाज पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पुलिस ने न केवल महिला और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर जलती कार के भीतर से उनका कीमती सामान भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आजादपुर फ्लाईओवर पर मॉडल टाउन की ओर जा रही एक वैगन-आर कार में आग लग गई है। बीट स्टाफ में तैनात एएसआई निक्सन और कांस्टेबल सतपाल तुरंत मौके पर पहुंचे, जबकि सूचना मिलते ही हवलदार दिलीप भी वहां पहुंच गए। कार चालक दिलशाद अहमद ने बताया कि अचानक बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी कार लपटों से घिर गई। कार में सवार विक्टोरिया गार्डन निवासी लक्ष्मी और उनके दो बच्चे दहशत में थे।

पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले परिवार को कार से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद, जब आग की लपटें विकराल रूप धारण कर रही थीं, तब जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए जलती कार के भीतर फंसे परिवार के बैग और अन्य सामान को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर जमा हुई भीड़ को भी तुरंत हटाया ताकि कार के ईंधन टैंक में विस्फोट होने की स्थिति में किसी की जान को खतरा न हो।

दिल्ली पुलिस के इन जवानों की मुस्तैदी और निस्वार्थ सेवा की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण न केवल तीन बेशकीमती जिंदगियां सुरक्षित बचीं, बल्कि उनका सामान भी खाक होने से बच गया। पुलिस ने सुरक्षित निकाले गए सामान को लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More