द्वारका जिला की एंटी-बर्गरली सेल ने शातिर सेंधमार को दबोचा, चोरी के 4 मोबाइल और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की एंटी-बर्गरली सेल ने अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार महंगे चोरी के मोबाइल फोन और चोरी की एक एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजीव (22 वर्ष) निवासी चाणक्य पैलेस, डाबरी के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने डाबरी, बिंदापुर और उत्तम नगर थानों में दर्ज सेंधमारी और चोरी के कुल आठ मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। आरोपी उस वक्त पकड़ा गया जब वह चोरी का सामान बेचने के लिए जा रहा था।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशानुसार, जिले में सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने के लिए एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक और इंस्पेक्टर विवेक मेंडोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में सब-इंस्पेक्टर विनोद, हेड कांस्टेबल नरेश, कृष्ण, प्रवीण और रितेश शामिल थे। 10 अप्रैल को हेड कांस्टेबल प्रवीण को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी राजीव चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर शाम के समय द्वारका सेक्टर-3 की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत चिन्हित स्थान पर घेराबंदी कर जाल बिछाया।

शाम करीब 7:35 बजे, टीम ने लाल-काले रंग की एनटॉर्क स्कूटी पर आ रहे राजीव को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि वह जिस स्कूटी पर सवार था, वह भी बिंदापुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पूछताछ के दौरान राजीव ने खुलासा किया कि वह मूल रूप से भागलपुर, बिहार का रहने वाला है और बचपन में ही परिवार के साथ दिल्ली आ गया था। उसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की, लेकिन उसके बाद गलत संगत में पड़कर उसे स्मैक के नशे की लत लग गई। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने आपराधिक गतिविधियों का सहारा लिया। राजीव पहली बार साल 2024 में डाबरी थाने में सेंधमारी के एक मामले में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने चोरी के मोबाइल किन लोगों को बेचने का सौदा किया था। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More