बस में चढ़ते यात्री से मोबाइल झपटकर भाग रहे थे दो बदमाश, सेंट्रल जिला की ‘जगुआर’ टीम ने मिनटों में दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की ‘जगुआर’ टीम ने मुस्तैदी का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए झपटमारी की वारदात के चंद मिनटों के भीतर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनवाज खान (42 वर्ष) और शान (54 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चांदनी महल इलाके के रहने वाले हैं। इस सफल ऑपरेशन को जगुआर टीम के एएसआई बलवान, कांस्टेबल अमित, सर्वजीत सिंह और प्रकाश चंद ने अंजाम दिया, जिन्होंने आरोपियों का पीछा कर उन्हें रंगे हाथों दबोचा।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 12 अप्रैल को बिहार के वैशाली निवासी एक यात्री नेताजी सुभाष मार्ग से बस में चढ़ रहा था। इसी दौरान एक आरोपी ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और बस से उतरकर अपने दूसरे साथी को फोन थमा दिया। पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। इसी बीच इलाके में गश्त कर रही जगुआर टीम की नजर इस घटना पर पड़ी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लगभग 150 मीटर तक पीछा कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी शान के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसे शाहनवाज ने उसे पकड़वाया था। जगुआर टीम ने तुरंत इस घटना की जानकारी दरियागंज थाने को दी, जिसके बाद एएसआई मुकेश और हेड कांस्टेबल सुरेश मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में दरियागंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने और आसानी से पैसा कमाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। शाहनवाज खान के खिलाफ चांदनी महल थाने में और शान के खिलाफ वजीराबाद थाने में चोरी व झपटमारी के मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़ित का सामान वापस दिलाया, बल्कि इलाके में कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More