जीजा और साले मिलकर करते थे स्नैचिंग, पुलिस ने भेजा जेल, सोने की चेन का टुकड़ा और मोटरसाइकिल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की बिंदापुर थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात को सुलझाते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन (36 वर्ष) निवासी चंचल पार्क, रनहोला और उसके साले रोहन सेठ (22 वर्ष) निवासी निहाल विहार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए घटना स्थल से लेकर आरोपियों के ठिकाने तक के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके बाद यह सफलता हाथ लगी।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 28 मार्च को शिकायतकर्ता ध्वनि शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि जब वह स्कूल से घर लौट रही थी, तब उत्तम नगर पश्चिम मेट्रो के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसकी सोने की चेन छीन ली। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई, जिसका आधा हिस्सा शिकायतकर्ता के पास रह गया और आधा हिस्सा लेकर आरोपी फरार हो गए। इस शिकायत पर बिंदापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसीपी डाबरी संजीव कुमार के नेतृत्व में और एसएचओ बिंदापुर नरेश सांगवान की देखरेख में एक क्रैक टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल नीरज, नरेंद्र, दीपक और कांस्टेबल राजेश व आशीष शामिल थे। टीम ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी कैमरों की मैपिंग शुरू की। पुलिस ने एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल की पहचान की और उसके मालिक चंदन तक जा पहुंची। चंदन की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पता चला कि इस वारदात में उसका साला रोहन भी शामिल था।

आरोपी चंदन के खुलासे के बाद पुलिस ने रोहन सेठ के घर छापेमारी की और वहां से लूटी गई चेन का बरामदगी वाला हिस्सा जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बेरोजगार हैं और घर के खर्चे चलाने व कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More