दरियागंज में आउटर रिंग रोड के पास जंगल में लगी भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली: दिल्ली के दरियागंज थाना अंतर्गत आउटर रिंग रोड से सटे जंगली इलाके में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। खुले मैदान में सूखी घास होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुँचीं। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है।

घटना रविवार दोपहर करीब 1:36 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि आउटर रिंग रोड के पास स्थित जंगली क्षेत्र में अचानक लपटें उठनी शुरू हो गई हैं। सड़क के किनारे आग की ऊंची लपटें देख राहगीरों में भी दहशत फैल गई। दरियागंज थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और दमकल विभाग को सूचित किया। आग बुझाने के लिए एक के बाद एक कुल चार फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकलकर्मियों ने घेराबंदी कर आग को मुख्य सड़क और रिहायशी हिस्सों की ओर बढ़ने से रोका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जंगली इलाके में पड़ी सूखी घास और बढ़ते तापमान के कारण आग लगी थी। जांच के दौरान किसी भी तरह की साजिश या संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक आकस्मिक घटना थी जो घास में चिंगारी सुलझने की वजह से हुई। आग बुझने के बाद पुलिस ने स्थिति का मुआयना किया और सुनिश्चित किया कि कहीं कोई और खतरा शेष न रहे। प्रशासन ने गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों पर ज्वलनशील पदार्थ न फेंकने की अपील की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More