लोकेश सिनेमा के पास नांगलोई पुलिस ने युगांडा के नागरिक को MDMA ड्रग्स के साथ दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला अंतर्गत थाना नांगलोई पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी मुहिम में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रोहतक रोड पर लोकेश सिनेमा के पास जाल बिछाकर युगांडा (अफ्रीका) के एक नागरिक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ ‘MDMA’ के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया विदेशी नागरिक पहले भी ‘विदेशी नागरिक अधिनियम’ के तहत एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 11 और 12 अप्रैल की दरमियानी रात को नांगलोई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोकेश सिनेमा के पास एक संदिग्ध विदेशी नागरिक मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी नांगलोई नरेश सोलंकी के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर पवन तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई टिंकू, एएसआई राजीव, हेड कांस्टेबल विनोद, संदीप, मायाराम और कांस्टेबल अशोक शामिल थे।

पुलिस टीम जब मुखबिर के साथ बताए गए स्थान पर पहुँची, तो वहां एक विदेशी नागरिक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान न्याज़ी उर्फ़ यानज़े (43 वर्ष), निवासी युगांडा के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर उसके पास से एक पारदर्शी ज़िप-लॉक प्लास्टिक पाउच मिला, जिसमें सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ भरा था। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर वह पदार्थ ‘MDMA’ पाया गया। बरामद ड्रग्स का कुल वजन 8.4 ग्राम दर्ज किया गया, जो कानून के अनुसार ‘इंटरमीडिएट’ मात्रा में आता है।

पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(B) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 14 के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह ड्रग्स कहाँ से लाया था और दिल्ली में उसके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More