शहीद नगर मेट्रो पार्किंग को बनाया था चोरी की बाइकों का ‘अड्डा’, बुराड़ी थाना पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा, 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के नॉर्थ जिला अंतर्गत थाना बुराड़ी पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ऑटो-लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के कुल 7 मामले सुलझा लिए गए हैं।

घटना की शुरुआत 28 मार्च को हुई, जब बुराड़ी के हरित विहार निवासी मनोज कुमार ने अपनी ‘बजाज ड्यूक’ मोटरसाइकिल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नॉर्थ जिला डीसीपी राजा बंठिया के निर्देशानुसार, एसीपी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन और बुराड़ी एसएचओ निरीक्षक गिरीश चंद्र रतूड़ी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में पूजा यादव, एएसआई सुधीर सांगवान, जय प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रदीप, रहीश पूनिया, रोहताश मलिक, दिनेश, परवेश, सचिन, कांस्टेबल अनुज धामा, अमित, शैलेंद्र और महिला कांस्टेबल रिया शामिल थे।

पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस को 1 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक गाजियाबाद के शहीद नगर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के पास खड़ी है। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और जैसे ही दो युवक मोटरसाइकिल लेने पहुँचे, उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सहजाद (22 वर्ष) और साहिल (19 वर्ष) के रूप में हुई, जो पुरानी सीमापुरी, दिल्ली के रहने वाले हैं।

पूछताछ के दौरान गिरोह के सरगना सहजाद ने खुलासा किया कि वे पिछले 5-6 वर्षों से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वे मुख्य रूप से महंगी स्पोर्ट्स मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे और उन्हें खोलने के लिए ‘मास्टर की’ का उपयोग करते थे। चोरी करने के बाद वे वाहनों को शहीद नगर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर देते थे और बाद में गाजियाबाद निवासी एक रिसीवर को 20 से 25 हजार रुपये में बेच देते थे।

पकड़े गए आरोपी सहजाद पर पहले से ही दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी के 4 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी स्कूल छोड़ चुके हैं और शराब व ड्रग्स के नशे के आदी हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर सीमापुरी इलाके से एक कटी हुई बाइक के पुर्जे और दिल्ली के आनंद विहार, पटपड़गंज, पहाड़गंज और तिमारपुर इलाकों से चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस अब इस गिरोह के तीसरे साथी और चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More