हौज काजी पुलिस ने बिहार से दिल्ली तक फैला अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क किया ध्वस्त, मुख्य सरगना मधेपुरा से गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना हौज काजी पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सरगना को बिहार के मधेपुरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए नशे के उपभोक्ता से लेकर मुख्य सप्लायर तक की पूरी कड़़ी को सफलतापूर्वक जोड़ते हुए बिहार-दिल्ली सप्लाई चेन को ध्वस्त कर दिया है।

इस पूरे मामले की शुरुआत 24 मार्च को हुई थी, जब हौज काजी थाने के एएसआई भुवनेश्वर और उनकी टीम ने गश्त के दौरान मोहम्मद अली नामक व्यक्ति को स्मैक का सेवन करते हुए पकड़ा था। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जब नशे के स्रोत की जांच शुरू की गई, तो परत दर परत चौंकाने वाले खुलासे हुए। एसीपी कमला मार्केट के पर्यवेक्षण और हौज काजी एसएचओ इंस्पेक्टर ओमवीर डाबास के नेतृत्व में एसआई ओमकांत यादव, पीएसआई विवेक और अन्य कर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।

पकड़े गए आरोपी मोहम्मद अली की निशानदेही पर पुलिस ने पहले टोडापुर इलाके से विनोद कुमार, सोनू कुमार मंडल और संजीत कुमार को गिरफ्तार किया, जिनसे 8.5 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद रघुबीर नगर में छापेमारी कर सुरेंद्र प्रसाद को भी हेरोइन के साथ दबोचा गया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिहार से ₹5000-6000 प्रति किलो के भाव पर गांजा मंगवाते थे और दिल्ली में इसे ₹12000-13000 के भाव पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

मुख्य सप्लायर तक पहुँचने के लिए हौज काजी पुलिस की एक टीम बिहार के मधेपुरा पहुंची। तकनीकी विश्लेषण और कॉल रिकॉर्ड की मदद से पुलिस ने 6 अप्रैल को मधेपुरा के बाबा बिशु रावत मंदिर के पास से मुख्य किंगपिन बंटी कुमार उर्फ लल्लन साह (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में बंटी कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह मंदिर के पास ‘प्रसाद’ की आड़ में गांजे की सप्लाई करता था। वह न केवल मधेपुरा इलाके में नशा बांटता था, बल्कि दिल्ली के तस्करों को भी भारी मात्रा में खेप भेजता था। सेंट्रल जिला डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के साथ ही बिहार से दिल्ली तक फैला यह संगठित ड्रग नेटवर्क अब पूरी तरह टूट चुका है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य छोटे मोहरों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More