आधी रात को चोरी की स्कूटी पर माल खपाने निकला चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और नल की टोंटियों समेत भारी माल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला अंतर्गत पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और भारी मात्रा में सेनेटरी का सामान जैसे नल की टोंटियां और वाल्व बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी सुजीत उर्फ आशीष (24 वर्ष) एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के 5 अन्य मामलों में संलिप्त रहा है।

बाहरी जिले के एडिशनल डीसीपी-I विष्णु कुमार ने बताया कि 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात को पश्चिम विहार ईस्ट थाने की एक गश्ती टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल कुलदीप, रामदेव और कांस्टेबल नीतू शामिल थे, इलाके में नियमित पेट्रोलिंग पर थी। जब टीम रिंग रोड पर बीजी-8 के पास पहुंची, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की स्कूटी पर चोरी का सामान बेचने के लिए आने वाला है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जलेबी चौक के पास जाल बिछाया। कुछ समय बाद एक संदिग्ध स्कूटी सवार वहां पहुँचा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी स्कूटी के कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। तकनीकी जांच से पता चला कि वह स्कूटी प्रशांत विहार थाने से चोरी की गई थी। इसके अलावा, आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 12 पानी के नल, 4 वाल्व और 4 नल के हेड बरामद हुए। ये सभी सामान पश्चिम विहार ईस्ट थाने में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले से जुड़े हुए पाए गए।

पकड़ा गया आरोपी सुजीत उर्फ आशीष पश्चिम विहार का ही रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह एक पेशेवर चोर है और उसके खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का सारा माल जब्त कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी से चोरी के दो महत्वपूर्ण मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी का सामान किसे बेचता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More