एएटीएस ने वाहन चोरों के नेटवर्क को किया ध्वस्त, मास्टर चाबी से उड़ाते थे गाड़ियां, चार मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के ऑटो एंटी थेफ्ट स्क्वाड ने इलाके में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व वाली टीम ने अलग-अलग ऑपरेशनों में गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को दबोचा है, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से दिल्ली के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने भजनपुरा, दयालपुर, खजूरी खास और उत्तम नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पुलिस की पहली कार्रवाई 3 अप्रैल को हुई, जब एएटीएस की टीम ने नंद नगरी के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास से सूरज उर्फ करण (25) को एक काली सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ दबोचा। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल भजनपुरा इलाके से चोरी की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि सूरज एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई 7 अप्रैल को हुई, जिसमें पुलिस ने सुरागों के आधार पर अनस (22) और एक किशोर को गिरफ्तार किया। इनके पास से दयालपुर इलाके से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की गई।

तीसरे ऑपरेशन में 8 अप्रैल को पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर ज्योति नगर के एमआईजी फ्लैट्स के पास घेराबंदी कर सागर (25) नाम के वाहन चोर को गिरफ्तार किया। सागर विकास नगर, उत्तम नगर का रहने वाला है और उस वक्त खजूरी खास से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार था। कड़ाई से पूछताछ करने पर सागर की निशानदेही पर पुलिस ने उत्तम नगर इलाके से चोरी की गई एक अन्य स्कूटी भी बरामद कर ली। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे चोरी के इन वाहनों को कहाँ खपाते थे और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More