पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भाग रहा था, नांगलोई पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, चोरी की बाइक और 4 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला अंतर्गत नांगलोई थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी पंकज उर्फ पुच्छी (25 वर्ष) को दबोचा है, जिसके पास से चोरी के 4 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया गया है। पकड़ा गया आरोपी एक दुस्साहसी अपराधी है, जो पहले से ही चोरी और झपटमारी जैसे 19 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसकी गिरफ्तारी से नांगलोई थाने में दर्ज चोरी के 5 अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया गया है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को नांगलोई थाने की एक गश्ती टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल रमेश और हेड कांस्टेबल सुभाष शामिल थे, इलाके में नियमित पेट्रोलिंग पर थी। जब टीम नांगलोई रेलवे लाइन के पास किरोड़ी फाटक के पास पहुंची, तो उन्होंने मोटरसाइकिल सवार एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस टीम को सामने देख युवक ने अचानक यू-टर्न लिया और भागने का प्रयास करने लगा।

घटना के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और संदिग्ध को मोटरसाइकिल सहित रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच करने पर चारों मोबाइल फोन नांगलोई इलाके से ही चोरी किए हुए पाए गए, जिनके संबंध में अलग-अलग ई-एफआईआर दर्ज थीं।

आगे की जांच में पता चला कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह भी नांगलोई थाना क्षेत्र से ही चोरी की गई थी। आरोपी की पहचान प्रेम नगर निवासी पंकज उर्फ पुच्छी के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 19 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का सभी माल जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने हाल के दिनों में और किन वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More