बुध विहार में भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार; टाटा एस और दो स्कूटी जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला अंतर्गत बुध विहार थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 155 कार्टन में रखे 6,500 क्वार्टर, 228 बोतल शराब और 72 बोतल बीयर जब्त की है। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल होने वाले एक टाटा एस (छोटा हाथी) और दो स्कूटी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसीपी प्रशांत विहार रामफूल मीणा की देखरेख और बुध विहार एसएचओ इंस्पेक्टर मदन लाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, मनदीप, राजेश, राहुल, कुलदीप और कांस्टेबल मुकेश शामिल थे।

तफ्तीश के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि 8 और 9 अप्रैल की दरमियानी रात को पुलिस टीम को अवैध शराब की एक बड़ी खेप की आवाजाही के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने कंझावला रोड स्थित ब्रह्म शक्ति अस्पताल के पास जाल बिछाया। इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा एस वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें से 155 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान राहुल (22 वर्ष), निवासी विजय विहार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब की सप्लाई का काम करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली दो स्कूटी भी बरामद कर ली हैं। इस संबंध में बुध विहार थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पकड़ा गया आरोपी राहुल एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से इसी तरह के 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब कहाँ से लाई गई थी और दिल्ली में इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More