थप्पड़ का बदला लेने के लिए चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने तीन नाबालिग दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिला अंतर्गत भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले को वारदात के महज एक घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन किशोरों को पकड़ा है, जिन्होंने रंजिश के चलते 18 वर्षीय युवक पर चाकू से कई वार किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद कर लिए हैं।

बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 7 अप्रैल की रात आठ बजे भलस्वा डेयरी थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने चिल्लाते हुए कहा, “भाई के पेट में चाकू मारा है।” सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई। जांच में पता चला कि अमित (18 वर्ष), निवासी एसएसएन कॉलोनी, भलस्वा डेयरी को उसके भाई सुमित ने बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया है। अमित के पेट, हाथ और पीठ पर चाकू के कई गहरे जख्म थे। हालत गंभीर होने के कारण उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नॉर्दर्न रेंज के जॉइंट सीपी विजय सिंह और डीसीपी हरेश्वर स्वामी के मार्गदर्शन में एसीपी स्वरूप नगर विजय कुमार और एसएचओ भलस्वा डेयरी सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई महेश, हेड कांस्टेबल हरबीर, योगेंद्र, रक्षकपाल और कांस्टेबल आशिक) गठित की गई।

टीम ने स्थानीय खुफिया तंत्र और त्वरित तकनीकी छानबीन के जरिए महज एक घंटे के भीतर वारदात में शामिल तीनों किशोरों को ट्रैक कर लिया। पकड़े गए किशोरों में एक 9वीं कक्षा का छात्र, एक 10वीं का छात्र और एक कारपेंटर (8वीं ड्रॉपआउट) शामिल है। पूछताछ के दौरान किशोरों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पहले उनकी घायल अमित के साथ दोस्ती थी। लेकिन करीब 4 महीने पहले किसी बात पर विवाद हुआ और अमित ने उनकी पिटाई कर दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उन्होंने अमित को मारने की योजना बनाई।

7 अप्रैल की शाम करीब सात बजे उन्होंने अमित को बजरंग चौक के पास घेर लिया। जब अमित ने भागने की कोशिश की, तो उन्होंने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने कानून के अनुसार तीनों किशोरों को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More