रानी बाग इलाके में ट्रैप लगाकर दबोचा गया आदतन अपराधी; चोरी की स्कूटी और बाइक का जखीरा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो लिफ्टर और स्नैचर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद कामरान उर्फ साहिल (25 वर्ष), निवासी किरारी सुलेमान नगर को दबोचा है, जिसकी गिरफ्तारी से चोरी की तीन स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही रानी बाग, पश्चिम विहार वेस्ट, केशव पुरम और राजौरी गार्डन थानों में दर्ज छह अपराधिक मामलों को सुलझा लिया गया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट जैसे पांच गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल को स्पेशल स्टाफ के एसआई विपिन कुमार को रानी बाग इलाके में एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल की देखरेख और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व में एसआई विपिन, एएसआई मुरारी लाल, हेड कांस्टेबल विक्रम, बीरबल और संदीप की एक समर्पित टीम गठित की गई। डीसीपी ने बताया कि टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और एक लाल रंग की टीवीएस स्कूटी पर आए संदिग्ध को मुखबिर की पहचान पर धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी जिस स्कूटी पर सवार था, वह रानी बाग थाने से चोरी की गई थी। डीसीपी ने बताया कि कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी कामरान ने वाहन चोरी और झपटमारी की कई अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जो शहर के अलग-अलग हिस्सों से चोरी की गई थीं। इसके अलावा, आरोपी ने राजौरी गार्डन इलाके में की गई एक हालिया स्नैचिंग की वारदात का भी खुलासा किया, जिसकी पुष्टि पुलिस रिकॉर्ड से हो गई है।

आरोपी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि वह एक आदतन अपराधी है जो पहले वाहन चोरी करता था और फिर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल विभिन्न इलाकों में झपटमारी करने के लिए करता था ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सके। पुलिस ने सभी बरामद वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी को रानी बाग थाने में बीएनएसएस की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य संभावित सहयोगियों और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More