मंदिर मार्ग पुलिस ने दबोचा कुख्यात अपराधी, लोडेड पिस्टल और लूटा हुआ आईफोन 15 प्रो बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के थाना मंदिर मार्ग की पुलिस टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और लूट का एक आईफोन 15 प्रो बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से इलाके में हुई एक बड़ी लूट की गुत्थी भी सुलझ गई है।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 4 अप्रैल को सुबह मंदिर मार्ग थाने के हेड कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल दीपेश गोल मार्केट स्थित अटल आदर्श बंगाली बालिका विद्यालय के पास नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को इलाके में घूमते देखा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक आईफोन 15 प्रो बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि बरामद आईफोन 15 प्रो उसने 22 मार्च को गोल मार्केट के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति से लूटा था। पुलिस रिकॉर्ड के सत्यापन से पता चला कि इस लूट के संबंध में पीड़ित रवि अग्रवाल की शिकायत पर मंदिर मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत पहले ही मामला दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी से लूट का यह मामला भी सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान शुभम उर्फ शिवम उर्फ टेम्पू (25 वर्ष) निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुभम एक शातिर और खतरनाक अपराधी है। वह पहले भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी दिल्ली के अन्य किन-किन मामलों में शामिल रहा है और उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। डीसीपी ने गश्ती दल की सतर्कता की सराहना की है, जिसने एक सशस्त्र अपराधी को समय रहते दबोच लिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More