18 घंटे में 2800 किमी का सफर कर दबोचा ‘मैथ्स प्रोफेसर’ रंगबाज; वजीरपुर के कोचिंग संस्थान को दी थी बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना अशोक विहार के अंतर्गत डब्ल्यूपीआईए चौकी की पुलिस टीम ने एक फिल्मी थ्रिलर जैसे ऑपरेशन को अंजाम देते हुए जबरन वसूली करने वाले एक शातिर और शिक्षित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर दिल्ली से महाराष्ट्र के नासिक तक 2800 किलोमीटर का सफर तय कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने वजीरपुर स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी देकर ₹21 लाख की रंगदारी मांगी थी।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 2 अप्रैल को वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोचिंग संस्थान के मैनेजर को धमकी भरा फोन आया था। कॉलर ने खुद को नोएडा का “बब्ला गुर्जर” बताते हुए पैसे न देने पर संस्थान को उड़ाने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अशोक विहार में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और अशोक विहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई रोहित चाहर, प्रभारी चौकी डब्ल्यूपीआईए के नेतृत्व में) का गठन किया गया।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीडीआर के रीयल-टाइम विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन नासिक, महाराष्ट्र में ट्रेस की। समय की कमी और सुरक्षा को देखते हुए टीम ने बिना रुके लगातार पीछा किया और 18 घंटे से कम समय में 2800 किमी की दूरी तय कर आरोपी को नासिक से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बच्चू झा (31 वर्ष) निवासी मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी बच्चू झा काफी शिक्षित है और हरियाणा व बिहार के मेडिकल कॉलेजों में एप्लाइड मैथेमेटिक्स का प्रोफेसर रह चुका है। वह “बब्ला गुर्जर” जैसे फर्जी नामों का इस्तेमाल कर प्रतिष्ठित लोगों में डर पैदा करता था और वसूली की योजना बनाता था। वह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पूर्व विधायक और बिहार के दरभंगा में पटना हाई कोर्ट के एक अधिवक्ता को भी इसी तरह निशाना बना चुका है। उस पर पहले से ही पटना में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और उसमें मौजूद आपत्तिजनक डिजिटल डेटा बरामद कर लिया है। टीम की इस उत्कृष्ट समन्वय और तकनीकी दक्षता की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस रंगदारी नेटवर्क में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More