आजादपुर मंडी के पास चाय की दुकान पर गुटखे के दाम को लेकर हुए विवाद में ने लिया हिंसक रूप, ड्राइवर की चाकू गोदकर हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना महेंद्र पार्क के अंतर्गत आने वाली बधोला पुलिस चौकी की टीम ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। यह पूरी घटना मात्र गुटखे के दाम को लेकर हुए एक मामूली विवाद के कारण उपजी, जिसने एक व्यक्ति की जान ले ली।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 2 और 3 अप्रैल की दरम्यानी रात को सराय पीपल थला गन्ना मंडी के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बीट स्टाफ (एएसआई मन्ना लाल और हेड कांस्टेबल राहुल), जो चौकी प्रभारी एसआई सचिन के नेतृत्व में गश्त पर थे, तुरंत मौके पर पहुँचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राहुल (19 वर्ष) को मौके पर ही दबोच लिया और घायल को अस्पताल भिजवाया।

बीजेआरएम अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल नाज़िम (निवासी सहारनपुर, यूपी) को मृत घोषित कर दिया। चश्मदीद गवाह सद्दाम ने पुलिस को बताया कि मृतक नाज़िम उसका ड्राइवर था और सहारनपुर से सब्जियां लेकर आजादपुर मंडी आया था। मंडी पहुँचने के बाद नाज़िम खाना खाने गया था, जहाँ आरोपी राहुल (जो चाय की दुकान चलाता था) से ‘दिलबाग गुटखा’ के दाम को लेकर उसकी बहस हो गई। यह बहस इतनी बढ़ी कि राहुल ने सब्जी काटने वाले चाकू से नाज़िम पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने इस संबंध में थाना महेंद्र पार्क में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पकड़ा गया आरोपी राहुल लिबासपुर गांव का रहने वाला है। सत्यापन के दौरान पाया गया कि उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और यह उसका पहला अपराध है। पुलिस ने घटनास्थल से खून के धब्बे और हत्या में इस्तेमाल चाकू को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।

डीसीपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता और एसएचओ महेंद्र पार्क विजय शनवाल के पर्यवेक्षण में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने के प्रयास कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More