बोलेरो पिक-अप से ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद; स्वरूप नगर के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना अशोक विहार की डब्ल्यूपीआईए पुलिस चौकी टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 70 पेटी (3500 क्वार्टर) अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक महिंद्रा बोलेरो पिक-अप बरामद की है। बरामद शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी, जिसे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 3 और 4 अप्रैल की मध्य रात्रि को अवैध शराब की आवाजाही रोकने के लिए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और अशोक विहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। डब्ल्यूपीआईए चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर की टीम ने आजादपुर फ्लाईओवर के पास रणनीतिक पिकेट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिक-अप को रोका गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 70 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें हरियाणा मार्का देसी शराब के 3500 क्वार्टर भरे हुए थे। पुलिस ने मौके से ही चालक और सह-चालक को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मृत्युञ्जय (28 वर्ष) और राजेश कुमार (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्वरूप नगर के नांगली पूना इलाके के रहने वाले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में शामिल हैं। सत्यापन करने पर पता चला कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और प्रत्येक पर आबकारी अधिनियम के 03-03 पुराने मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना अशोक विहार में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप हरियाणा में कहाँ से लोड की गई थी और दिल्ली में इसके मुख्य रिसीवर कौन थे। डीसीपी ने स्पष्ट किया है कि बॉर्डर इलाकों और फ्लाईओवर पर गश्त बढ़ा दी गई है ताकि अवैध शराब की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More