गफ्फार मार्केट में क्यूआर कोड से पेमेंट फेल होने का नाटक कर दुकानदारों से ठगी करने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में, 3 आईफोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के थाना करोल बाग की पुलिस टीम ने डिजिटल ठगी के एक अनोखे तरीके “स्कैन एंड स्कैम” का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 आईफोन बरामद किए हैं, जिन्हें उसने फर्जी क्यूआर कोड पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदारों से ठगा था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल को गफ्फार मार्केट में नियमित गश्त के दौरान एएसआई वीरपाल, हेड कांस्टेबल सुनील और मंजीत ने एक संदिग्ध युवक को देखा। वह एक दुकान पर कई आईफोन बेचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उनके मालिकाना हक के कोई वैध दस्तावेज नहीं दे पा रहा था।

सख्ती से पूछताछ और वेरिफिकेशन करने पर पता चला कि इनमें से एक आईफोन थाना भजनपुरा इलाके से ई-एफआईआ के तहत ठगी का है। दूसरा फोन थाना हरि नगर इलाके से इसी तरह के ‘मोडस ऑपरेंडी’ के जरिए हासिल किया गया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद परवेज (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मधुबनी, बिहार का रहने वाला है।

पूछताछ में परवेज ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वह व्यस्त बाजारों में दुकानों पर जाकर आईफोन, सिगरेट या अन्य कीमती सामान खरीदता था। भुगतान के समय वह क्यूआर कोड स्कैन करने का नाटक करता और फिर कहता कि “पेमेंट नहीं हो रहा है”। इसके बाद वह दुकानदार से किसी अन्य नंबर की मांग करता। नंबर मिलने के बाद वह अपने पास मौजूद एक ऐप या एडिटिंग के जरिए फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट तैयार करता और दुकानदार को दिखाकर सामान लेकर रफूचक्कर हो जाता था। असल में कोई पैसा दुकानदार के खाते में नहीं जाता था।

पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35.1(E)/106 के तहत गिरफ्तार कर लिया है और तीनों आईफोन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने दिल्ली के अन्य किन-किन बाजारों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More