अक्षरधाम मेट्रो के पास चाकू के साथ दबोचा गया शातिर ऑटो-लिफ्टर; चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के थाना मंडावली की पुलिस टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र उर्फ राजू (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मंडावली के पंडित चौक इलाके का रहने वाला है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसीपी मयूर विहार अमनदीप कौर के मार्गदर्शन और मंडावली थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष गश्ती टीमें तैनात की गई थीं। 31 मार्च की दोपहर कांस्टेबल सुमित और धर्मेंद्र अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास नोएडा लिंक रोड अंडरपास पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार युवक को संदिग्ध हालत में देखा।

पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने स्कूटी भगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह गिर गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। जांच के दौरान स्कूटी का नंबर जिपनेट पर चेक करने पर पता चला कि वह स्कूटी 29 मार्च को थाना लक्ष्मी नगर इलाके से चोरी हुई थी। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू भी मिला।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजेंद्र उर्फ राजू एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही शकरपुर, मधु विहार, गीता कॉलोनी, कल्याणपुरी और प्रीत विहार थानों में चोरी के पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना मंडावली में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों और उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More