पटेल नगर पुलिस ने गांजा तस्कर और उसके मुख्य सप्लायर को दबोचा; 1.56 किलो गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना पटेल नगर की टीम ने संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल एक सक्रिय ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया, बल्कि उसकी निशानदेही पर नशे की खेप पहुँचाने वाले मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसीपी सुनील कुमार के मार्गदर्शन और पटेल नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई रोशन लाल, कांस्टेबल भूपेंद्र व अन्य) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को समीर (30 वर्ष) नामक व्यक्ति के बारे में पुख्ता सूचना मिली, जो इलाके में गांजा बेचने में सक्रिय था।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने शादीपुर फ्लाई-ओवर के पास जाल बिछाया और समीर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1330 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में समीर ने खुलासा किया कि वह यह माल अमर सिंह (33 वर्ष) से खरीदता था। पुलिस ने बिना समय गंवाए अमर सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की और उसे भी 230 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मोहम्मद समीर एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व अन्य धाराओं के तहत 04 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना पटेल नगर में एनडीपीए एक्ट की धारा 20/61/85 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और ड्रग्स की बड़ी खेप के स्रोत का पता लगाया जासके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More