बवाना के मुंगेशपुर में लापता युवक की बेरहमी से हत्या, शराब पार्टी के बाद खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगेशपुर इलाके में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को पुलिस को एक खुले खेत में एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शिनाख्त होने पर मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई, जो बवाना थाने का घोषित अपराधी भी बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बवाना थाने को मुंगेशपुर के एक खेत में शव पड़े होने की पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर पहुँचे वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने पाया कि शव काफी खराब स्थिति में था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बाद में मृतक के भाई अनिल ने शव की पहचान प्रदीप के रूप में की। जांच में पता चला कि प्रदीप 29 मार्च की दोपहर करीब दो बजे अपने तीन साथियों के साथ शराब खरीदने गया था। इसके बाद वे सभी मुंगेशपुर इलाके में शराब पीने चले गए।

घटनाक्रम के अनुसार, 29 मार्च की रात करीब दस बजे प्रदीप ने आखिरी बार अपनी पत्नी को फोन किया था। उसने अपनी लोकेशन सोहटी-कुतुबगढ़ रोड के पास बताई थी और कहा था कि उसकी स्कूटी पंचर हो गई है, इसलिए वह थोड़ी देर में घर लौटेगा। इस कॉल के बाद से ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने दो दिनों तक काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः 31 मार्च की सुबह उसकी पत्नी ने दरियापुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके कुछ ही घंटों बाद उसका शव बरामद हुआ।

बवाना थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को शक है कि शराब पीने के दौरान हुई किसी कहासुनी में उसके साथियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More