रोहिणी पुलिस ने ड्रग्स सिंडिकेट को दिया बड़ा झटका: सवा करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियाई महिला तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 109.04 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत लगभग ₹1.25 करोड़ आंकी गई है। पकड़ी गई आरोपी की पहचान पीस (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रह रही थी।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह के पर्यवेक्षण और एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 31 मार्च को टीम को रोहिणी साउथ थाना क्षेत्र में एक ड्रग सप्लायर की गतिविधियों के संबंध में पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसआई आशीष गर्ग, कर्मबीर सिंह और महिला एएसआई राजेश कुमारी की टीम ने सेक्टर-03 स्थित फिश मार्केट के पास रणनीतिक घेराबंदी की। मौके पर एक संदिग्ध महिला को देखा गया, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 109.04 ग्राम कोकीन बरामद हुई। आरोपी महिला वैध दस्तावेजों और नशीले पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सकी।

पुलिस ने इस संबंध में थाना रोहिणी साउथ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी महिला नाइजीरिया की नागरिक है और वह दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में कोकीन की सप्लाई करती थी। पुलिस अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहाँ से लाया गया था और दिल्ली में इसके अन्य खरीददार कौन-कौन हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More