सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा भारी, स्पेशल स्टाफ ने अवैध पिस्टल से फायरिंग करने वाले नाबालिग को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए, जिसमें एक युवक पिस्टल से फायरिंग करता दिख रहा था, एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध आधुनिक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई थी, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रणजीत ढाका के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक समर्पित टीम (एएसआई देवेंद्र, एएसआई सोमवीर, एचसी हरीश व अन्य) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की।

30 मार्च को हेड कांस्टेबल हरीश को सूचना मिली कि वीडियो में दिखने वाला संदिग्ध अशोक विहार के वजीरपुर क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत शहीद सुखदेव सिंह नगर झुग्गियों के पास रणनीतिक घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी भांपकर आरोपी ने संकरी गलियों से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने वायरल वीडियो में फायरिंग करने की बात स्वीकार की और बताया कि पिस्टल उसने एक गुप्त स्थान पर छिपा रखी है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सघन तलाशी अभियान चलाकर आधुनिक पिस्टल बरामद की। इस संबंध में थाना अशोक विहार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करें, क्योंकि यह न केवल गैर-कानूनी है बल्कि समाज में भय पैदा करता है। पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More