ग्रेटर कैलाश-1 में अज्ञात कार की टक्कर से कुक की मौत, एफआईआर दर्ज, पुलिस ने कार की पहचान की

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-1 में एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दक्षिण जिला पुलिस ने इस ‘हिट एंड रन’ मामले में तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान सफेद रंग की मारुति सियाज के रूप में कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि थाना जीके-1 में सड़क दुर्घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। घटना ग्रेटर कैलाश-1 स्थित बी-234 के सामने की है। मृतक की पहचान सुरेंद्र दास (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जीके-1 के बी-246 में रहते थे और पेशे से एक रसोइया थे। हादसे के तुरंत बाद घायल सुरेंद्र को एम्बुलेंस के जरिए नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने इस संबंध में थाना जीके-1 में बीएनएस की धारा 281/106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को वह सफेद मारुति सियाज कार मिल गई है जिसने सुरेंद्र की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। डीसीपी ने बताया कि जांच अब एडवांस स्टेज में है और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी चालक को जल्द ही दबोच लिया जाएगा। पुलिस ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More