करोल बाग में बना हाईटेक निगम विद्यालय, 20 स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक सुविधाओं से लैस, सुविधाओं में प्राइवेट स्कूलों को देगा मात

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम ने शिक्षा के स्तर को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए करोल बाग क्षेत्र के बलजीत नगर वार्ड में 12.5 करोड़ रुपये की लागत से बने भव्य प्राथमिक विद्यालय का उद्घाटन किया है। प्रेम नगर स्थित गौशाला पार्क के समीप निर्मित इस विद्यालय का लोकार्पण निगम के नेता सदन प्रवेश वाही और शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि निगम के विद्यालय अब किसी भी मामले में निजी स्कूलों से कम नहीं हैं।

लगभग दो एकड़ क्षेत्र में फैले इस विद्यालय परिसर को आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। 1456 वर्ग मीटर में मुख्य भवन का निर्माण किया गया है, जबकि शेष 6556 वर्ग मीटर क्षेत्र को हरित क्षेत्र और मनोरंजनात्मक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा गया है। विद्यालय भवन में 20 सुसज्जित कक्षा कक्ष, 14 अतिरिक्त कमरे, एक विशाल हॉल और अत्याधुनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है। भवन में कोटा पत्थर का फर्श और प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई गई हैं, जो इसे एक कॉर्पोरेट स्कूल जैसा लुक देती हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा कि समाज में सरकारी स्कूलों को लेकर बनी धारणा अब बदल रही है। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों के शिक्षक निजी स्कूलों की तुलना में अधिक योग्य और अनुभवी हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे पूरे समर्पण के साथ बच्चों को शिक्षित करें ताकि वे आगे चलकर देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। वहीं, शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने इसे ‘भविष्य निर्माण का प्रांगण’ बताते हुए कहा कि भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर इस विद्यालय का शुरू होना गौरव की बात है।

वर्मा ने निगम की भावी योजनाओं का खाका खींचते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप बच्चों को तकनीक से जोड़ने के लिए 800 से अधिक स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि निगम जल्द ही 25 ‘निगम श्री’ विद्यालय विकसित करेगा और अगले दो वर्षों में प्रत्येक वार्ड में एक ऐसा मॉडल स्कूल होगा। स्कूलों की मरम्मत के लिए 44 करोड़ रुपये और नए बेंचों के लिए 26 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, अभिभावकों की सुविधा के लिए एक वेब एप्लीकेशन भी बनाई गई है, जिससे वे घर बैठे बच्चों की प्रगति देख सकेंगे। कार्यक्रम में पूर्व महापौर आदेश गुप्ता सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक गण भी उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More