विकासपुरी से लेकर पंजाबी बाग तक उड़ाते थे दोपहिया वाहन, एएटीएस ने दो वाहन चोरों से बरामद कीं 6 एक्टिवा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो सक्रिय ऑटो-लिफ्टरों मित्र सेन (30 वर्ष) और महेश कुमार (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर दिल्ली के विभिन्न थानों क्षेत्र से चोरी की गई 6 स्कूटी (सभी होंडा एक्टिवा) बरामद की गई हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने विकासपुरी, पश्चिम विहार वेस्ट, मोती नगर और पंजाबी बाग सहित कई थानों में दर्ज वाहन चोरी के 6 मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने चोरी के संभावित रूटों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्तचरों के माध्यम से सूचनाएं विकसित कीं। 27 मार्च 2026 को पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि दो संदिग्ध आरोपी चोरी की स्कूटी के साथ रघुबीर नगर इलाके में घूमने वाले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घोड़ा मंदिर के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक सफेद होंडा एक्टिवा बरामद हुई, जो 26 मार्च को विकासपुरी इलाके से चोरी हुई पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से कई दोपहिया वाहन चोरी किए हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 5 अन्य स्कूटी भी बरामद कर लीं, जिन्हें उन्होंने छिपाकर रखा था। बरामद वाहनों में विकासपुरी, राजा गार्डन मेट्रो, पश्चिम विहार, मोती नगर और पंजाबी बाग से चोरी हुई स्कूटी शामिल हैं।

आरोपियों का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि मित्र सेन केशोपुर गांव का रहने वाला है और वह साल 2018 में विकासपुरी के एक लूट के मामले में भी शामिल रहा है। दूसरा आरोपी महेश कुमार निहाल विहार का निवासी है और मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। मित्र सेन चौथी कक्षा तक तो महेश 9वीं तक पढ़ा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन्होंने चोरी किए गए वाहनों को आगे कहां बेचने की योजना बनाई थी और इस सिंडिकेट में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More