‘टायर पंक्चर है’ कहकर गाड़ी से उड़ाए थे 15 आईफोन और कीमती गैजेट्स; पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिम जिला अंतर्गत थाना पंजाबी बाग की टीम ने ‘ठक-ठक’ गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 महंगे मोबाइल फोन, 2 एप्पल आईपैड और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयूष कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और दिल्ली-एनसीआर में वाहन चालकों को झांसा देकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पश्चिम जिले के डीसीपी दरडे शरद भास्कर ने बताया कि यह घटना 26 फरवरी की है। शिकायतकर्ता ने दिल्ली के करोल बाग से 15 मोबाइल और 2 आईपैड खरीदे थे और अपनी कार से भिवानी (हरियाणा) जा रहा था। जब वह पंजाबी बाग मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा, तो स्कूटी सवार दो युवकों ने उसे इशारा किया कि उसकी कार का टायर पंक्चर है। जैसे ही शिकायतकर्ता नीचे उतरा, आरोपियों ने मौका पाकर कार की सीट पर रखा मोबाइल और आईपैड से भरा बैग उड़ा लिया और फरार हो गए। इस संबंध में पंजाबी बाग थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी पंजाबी बाग के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल गौरव शर्मा, कांस्टेबल मोहित और नफे सिंह की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने पीयूष कुमार की पहचान की और उसे जाल बिछाकर धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में चोरी के फोन बरामद हुए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 19 वर्षीय पीयूष कुमार केवल 10वीं तक पढ़ा है और वह ‘ठक-ठक’ गैंग का एक सक्रिय सदस्य है। वह पहले भी चोरी और झपटमारी के 4 संगीन मामलों में संलिप्त रहा है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पंजाबी बाग और डाबरी थाने के दो महत्वपूर्ण चोरी के मामलों को सुलझा लिया है। बरामद सामान में एप्पल आईफोन, वनप्लस नॉर्ड, आईक्यू और वीवो जैसे ब्रांडेड फोन शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More