नवरात्रि पर अभाविप डूसू छात्रसंघ की ‘9 दिन 9 अध्यक्ष’ पहल, लॉ सेंटर-II की इलिशा ने संभाली कमान, उठाई छात्रों की आवाज

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर चलाए जा रहे विशेष “9 दिन, 9 अध्यक्ष” अभियान के चौथे दिन नारी शक्ति का अनूठा रूप देखने को मिला। अभाविप नीत डूसू ने लॉ सेंटर-II की मेधावी छात्रा इलिशा को एक दिन के लिए छात्रसंघ अध्यक्ष नियुक्त किया। खेल और नेतृत्व क्षमता में धनी इलिशा ने कमान संभालते ही कैंपस की मूलभूत समस्याओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कड़े तेवर दिखाए और विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें प्रमुखता से रखीं।

दिल्ली की मूल निवासी इलिशा का शैक्षणिक और खेल जगत में शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। वे न केवल हंसराज कॉलेज की फुटबॉल टीम की कप्तान रह चुकी हैं, बल्कि हंसराज स्पोर्ट्स सोसाइटी की प्रमुख के तौर पर भी उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया है। एक दिन की अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लॉ सेंटर-II के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए वहां खराब पड़े एयर कंडीशनिंग सिस्टम की तत्काल मरम्मत और सुचारू संचालन की पुरजोर मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इलिशा ने गर्ल्स कॉमन रूम के विकास और सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि छात्राओं को परिसर में सुरक्षित और आरामदायक स्थान मिल सके। खेल पृष्ठभूमि से आने के कारण उन्होंने अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं और “खेलो डीयू” चयन प्रक्रिया में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रत्येक कॉलेज को समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा, उन्होंने छात्र सुरक्षा और शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए आंतरिक शिकायत समित में आवश्यक सुधारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

डूसू की यह पहल विश्वविद्यालय में समावेशी नेतृत्व और सहभागी शासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। छात्रसंघ का उद्देश्य इस अभियान के जरिए विविध पृष्ठभूमि के छात्रों को मुख्यधारा के नेतृत्व से जोड़ना और विश्वविद्यालय के ज्वलंत मुद्दों को उजागर करना है। “9 दिन, 9 अध्यक्ष” अभियान नवरात्रि की मूल भावना—शक्ति, नेतृत्व और सशक्तिकरण—के अनुरूप छात्र समुदाय को निरंतर प्रेरित कर रहा है। इलिशा जैसी प्रतिभावान छात्राओं को मंच प्रदान कर डूसू ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले समय में छात्र राजनीति में महिला नेतृत्व की भूमिका और अधिक सशक्त होगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More